चोरी के पांच लाख के एलईडी बल्ब संग तीन गिरफ्तार 29 जनवरी की रात गोदाम में की थी चोरी
HTN Live
सरोजनीनगर पुलिस ने तीनों चोरों को दबोचा
लखनऊ, 2 फरवरी सरोजनीनगर पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 116 कार्टून एलईडी बल्ब बरामद किया है। बरामद किये गये बल्ब की कीमत 5 लाख रुपये बतायी जा रही है। आरोपियों ने सरोजनीनगर इलाके में एक गोदाम से 29 जनवरी की रात बरामद सामान चोरी करने की बात कुबूली है।
इंस्पेक्टर सरोजनीनगर ने बताया कि आशियाना निवासी मनीष कुमार गोयल की गोयल एसोसिएट्स नाम से फर्म है। इस फर्म का गोदाम सरोजनीनगर के टीपी नगर इलाके में है। बताया जाता है कि 29 जनवरी की देर रात चोरों ने गोदाम पर धावा बोला और दीवार फांद कर अंदर घुस गये। चोर गोदाम से लाखों रुपये कीमत के एलईडी बल्ब और केबिल उठा ले गये थे। इस मामले में गोदाम मालिक मनीष ने सरोजनीनगर थाने में एफआईआर दर्ज करायी थी। छानबीन में लगी सरोजनीनगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से बीती रात टीपी नगर इलाके से मुखबिर की सूचना पर तीन चोरों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके पास से गोदाम से चोरी किया गया 116 कार्टून एलईडी बल्ब बरामद किया। पूछताछ में पकड़े गये आरोपियों ने अपना नाम सरोजनीनगर निवासी श्यामू, सूरज यादव और रायबरेली निवासी अमित मिश्र बताया। पकड़े गये आरोपी अमित के खिलाफ पहले से आशियाना थाने में तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। सरोजनीनगर पुलिस का दावा है कि बरामद किये गये एलईडी बल्ब की कीमत पांच लाख रुपये के करीब है।

No comments