निर्माण साइट पर उपद्रव करने वाले पांच गिरफ्तार किसान यूनियन नेता सहित अन्य फरार
HTN Live
फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है पुलिस
शुक्रवार की सुबह किया था जमकर उपद्रव
लखनऊ, 2 फरवरी।
पीजीआई के सेवई इलाके में बन रहे प्रधानमंत्री आवास की साइट पर शुक्रवार को उपद्रव करने वाले पांच लोगों को पीजीआई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस उपद्रव का मुख्य आरोपी अब तक फरार है और पुलिस उनकी तलाश में लगी है।
इंस्पेक्टर पीजीआई विकास पाण्डेय ने बताया कि सेवई गांव में आवास विकास की ओर से 4500 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण कराया जा रहा है। आवास विकास के जेई जयनाथ मिश्र ने बताया कि अपने आपको किसान यूनियन का नेता बताने वाला राकेश यादव निर्माण कार्य का विरोध करते हुए अक्सर रुपये की मांग करता है। चंद रोज पहले भी उसने अपने साथियों संग निर्माण कार्य में लगे मजदूरों व ठेकेदार के साथ मारपीट की थी। इस संबंध में उसके खिलाफ जेई ने पीजीआई कोतवाली में एफआईआर दर्ज करायी थी। शुक्रवार को आवासों के निर्माण का कार्य हो रहा था। इसी बीच राकेश यादव अपने 150 से अधिक साथियों के साथ वहां पहुंच गया। आरोप है कि वह रंगदारी की मांग करने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। मजदूरों के कच्चे घरों को पूरी तरह से तोड़ दिया। यही नहीं आवास विकास के अधिकारियों, ठेकेदार और मजदूरों पर पथराव भी किया। इस बीच दबंगों ने एक बाइक में आग लगा दी और दो बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। करीब एक घंटे तक उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया था। इस घटना में वहां काम करने वाले कुछ लोगों को चोट भी लगी थी। शुक्रवार को हुए इस उपद्रव के मामले में उपद्रवियों के खिलाफ 7 सीएल एक्ट सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गयी थी। इस मामले में शुक्रवार की देर रात को पीजीआई पुलिस ने पांच उपद्रवियों पीजीआई सेवई गांव निवासी मुजाहिद, सालिक राम, गोसाईगंज निवासी प्रदीप, माता प्रसाद और धनीराम को गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर पीजीआई ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उनको भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

No comments