Breaking News

महिला की सहेली का पति बने ऐंठे 21 हजार रुपये दोबारा 20 हजार की मांग पर महिला का ठनका माथा

HTN Live


सहेली से बातचीत पर फर्जीवाड़े का पता चला
पीडि़त महिला ने इन्दिरानगर थाने में दर्ज करायी एफआईआर
लखनऊ,16 फरवरी।
इन्दिरानगर इलाके में रहने वाली एक महिला को उसके सहेली का पति बन एक जालसाज ने 21500 रुपये का चूना लगा दिया। रुपये मिलने के बाद जालसाज ने फिर से महिला से मदद के नाम पर 20 हजार रुपये की मांग की तो महिला को शक हुआ। उसने अपनी सहेली को फोन किया तो फर्जीवाड़े का पता चला। अब ठगी का शिकार हुई महिला ने इस संबंध में इन्दिरानगर थाने में एफआईआर दर्ज करायी है। 
इन्दिरानगर के श्रीरामकुंज फरीदीनगर इलाके में गुंजन सिंह अपने परिवार संग रहती हैं। उनका कहना है कि 14 फरवरी की दोपहर उनके पास एक फोन आया। फोनकर्ता ने अपना परिचिय गुंजन की सहेली हितिका के पति पंकज के रूप में दिया। पंकज ने गुंजन को बताया कि उसके एक रिश्तेदार वृंदावन मेें अस्पताल में भर्ती हैं और उसको रुपये की आवश्यकता है। फोनकर्ता को सहेली का पति समझ गुंजन सिंह उसकी मदद के लिए राजी हो गयी। इसके बाद फोनकर्ता ने गुंजन सिंह को एक खाते का नम्बर दिया और उसमें रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा। गुंजन सिंह ने आनलाइन बैकिंग की मदद से बताये गये खाते में दो बार में 21500 रुपये भेज दिये। इसके बाद फोनकर्ता ने फिर गुंजन सिंह को फोन किया और इस बार उसने 20 हजार रुपये की मांग रखी। बार-बार रुपये की मांग पर गुंजन सिंह का माथा ठनका। उसने अपने सहेली हितिका को फोन किया तो उसने बताया कि वह तो दिल्ली है और न तो उसने और न ही उसके पति पंकज ने फोन कर रुपये मांगे हैं। सहेली की बात सुन गुंजन सिंह के होश उड़ गये। उसने अपनी सहेली हितिका को फोनकर्ता को नम्बर दिया। इस पर हितिका ने फोनकर्ता को फोन कर गुंजन सिंह से ऐंठे गये रुपये वापस करने के लिए कहा। इस पर आरोपी जालसाल ने रुपये वापस करने से इनकार कर दिया। ठगी का शिकार हुई गुंजन सिंह ने इस बारे में परिवार के लोगों को बताया। छानबीन की गयी तो पता चला कि गुंजन सिंह से किसी फारूक नाम के व्यक्ति के खाते में रुपये जमा कराये गये हैं। अब इस मामले में ठगी का शिकार हुई गुंजन सिंह ने इन्दिरानगर थाने में एफआईआर दर्ज करायी है।

No comments