नगर निगम: कार्यकारिणी चुनाव के लिए आज तय होंगे प्रत्याशी
HTN Live
लखनऊ। नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव के लिए पार्टियों के प्रत्याशियों के नाम रविवार को तय होंगे। इस मामले में भाजपा ने रविवार को कोर कमेटी की बैठक बुलाई है। जबकि सपा व कांग्रेस के प्रत्याशियों पर अंतिम मोहर हाईकमान लगायेगी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के मुम्बई से लौटने व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर के लखनऊ पहुंचने का इंतजार हो रहा है।
नगर निगम की 12 सदस्यीय कार्यकारिणी से छह सदस्य बाहर हो चुके हैं। इसमें चार भाजपा व दो सपा के हैं। कार्यकारिणी के गठन व नये सदस्यों के चुनाव के लिए नगर निगम की विशेष सदन सोमवार को बुलाई गई है। भाजपा को चार प्रत्याशियों के नाम तय करने हैं। लगभग 15 लोगों ने कार्यकारिणी में जाने की इच्छा जताई है। रविवार को कोर कमेटी की बैठक बुलाई गयी है। उसी में चार प्रत्याशियों के नाम तय किये जायेंगे। उधर सपा के भी दर्जन भर पार्षद कार्यकारिणी सदस्य बनना चाहते हैं। दो नामों का चयन होना है। इसका फैसला सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव करेंगे। वह अभी मुम्बई में हैं। रविवार के शाम तक आने की सम्भावना है। उनके आने के बाद ही नामों पर अंतिम मुहर लगेगी।
कार्यकारिणी चुनाव में कांग्रेस ने पेंच फंसाने का मन बनाया है। आठ पार्षदों वाली कांग्रेस के खाते का एक सदस्य गिरीश मिश्र की कार्यकारिणी सदस्यता बरकरार है। वह अपनी बढ़ाने की इच्छुक है। लेकिन संख्याबल को देखते हुए प्रत्याशी खड़ा करने का साहस नहीं हो पा रहा है। प्रत्याशी को जिताने के लिए 13 अतिरिक्त सदस्यों की जरूरत होगी। इतनी बड़ी संख्या की व्यवस्था करना आसान नहीं दिख रहा है। उसके पास पदेन सदस्य भी नहीं है। निर्दल पार्षदों में ज्यादातर भाजपा व सपा के खेमे में बंटे हैं। लोकसभा चुनाव नजदीक है। प्रत्याशी के विजयी न होने पर उसका असर चुनाव पर भी पड़ सकता है। इस स्थिति में प्रत्याशी उतारने का फैसला प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर पर छोड़ दिया गया है। वह रविवार को राजधानी पहुंच रहे हैं। वह कांग्रेस के पदाधिकारियों से मंथन के बाद फैसला लेंगे। यदि कांग्रेस ने प्रत्याशी उतारने का फैसला वापस लिया तो चुनाव की स्थिति नहीं आयेगी। सभी छह प्रत्याशियों का चुनाव पिछली बार की तरह आपसी सहमति से हो जायेगा।

No comments