10 जोन कार्यालयों पर डिप्लोमा इंजीनियर धरने पर बैठे
HTN Live
लखनऊ। वर्ष 2017 में नियुक्त जूनियर इंजीनियरों की बढ़ाई गयी परिवीक्षा अवधि को निरस्त करने व सातवें वेतनमान की मांग को लेकर जलनिगम इंजीनियरों का आंदोलन और तेज हो गया है। गुरुवार को इंजीनियरों ने विरोध प्रदर्शन के दूसरे चरण में जोन मुख्यालय पर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक धरना-प्रदर्शन किया। धरने में लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, उन्नाव, रायबरेली के सैकड़ों डिप्लोमा इंजीनियर शामिल हुए। धरने के संबोधित करते हुए पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष राघवेंद्र गुप्ता ने कहा कि जलनिगम प्रशासन ने नियम विरुद्ध नवनियुक्त जेई की परिवीक्षा अवधि की एक वर्ष से बढ़ाकर तीन वर्ष कर दी गई है। संगठन की ओर से इस संबंध में कई बार पत्राचार व वार्ता के माध्यम से विरोध दर्ज कराया गया। लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक इस आदेश को निरस्त नहीं किया गया है। इसी के विरोध में आज 10 जोन कार्यालयों पर डिप्लोमा इंजीनियर धरने पर बैठे हैं। तीसरे चरण में आगामी 3 से 15 जनवरी तक लखनऊ मुख्यालय पर धरना दिया जायेगा। प्रांतीय अध्यक्ष गौरीशंकर सिंह कुशवाहा ने कहा कि अगर मांगें न मानी गईं तो अनिश्चित कालीन क्रमिक अनशन, आमरण अनशन व हड़ताल की घोषणा की जायेगी। धरने को उपाध्यक्ष विकास मिश्र, सलाहकार केके पटेल, उप महामंत्री अभिषेक मिश्रा व इंजीनियर सरितादेवी ने भी संबोधित किया।
No comments