नगर निगम जारी करेगा 200 करोड़ का म्यूनिसिपल बांड
HTN Live
नगर आयुक्त सहित पांच सदस्यीय टीम भोपाल रवाना
लखनऊ। नगर निगम ने 200 करोड़ रुपये का म्यूनिसिपल बांड जारी करने की तैयारी पूरी कर ली है। नये साल में 28 जनवरी को बांड जारी होने की पूरी संभावना है। बांड जारी करने में तकनीकी जानकारी लेने के लिए नगर निगम की टीम पांच सदस्यी टीम नगर आयुक्त के नेतृत्व में गुरुवार को भोपाल रवाना हुई है। वहां शुक्रवार को इस संबंध में कार्यशाला आयोजित की गई है।
केन्द्र सरकार के दिशा निर्देश पर नगर निगम ने 200 करोड़ रुपये का म्यूनिसिपल बांड जारी करने का फैसला किया है। नगर निगम कार्यकारिणी व सदन से इसका प्रस्ताव पास हो चुका है। आडिट रिपोर्ट तैयार कर आय-व्यय का ब्योरा विस्तृत ब्योरा बनाने का काम तेजी से चल रहा है। बांड जारी करने में केन्द्र सरकार देश के प्रथम दस नगर निगम को प्रति 100 करोड़ रुपये पर 13 करोड़ रुपये सब्सिडी दे रही है। नगर निगम को 200 करोड़ रुपये पर 26 करोड़ रुपये सब्सिडी के रूप में मिल जायेगी। आर्थिक तंगी से जूझ रहे नगर निगम के लिए यह रकम बहुत अहम है। चयन प्रक्रिया की दौड़ में नगर नगम काफी आगे है। केन्द्र सरकार की सूची में यह सातवें नम्बर पर है जबकि प्रदेश का दूसरा शहर गाजियाबाद है।
भोपाल नगर निगम ने म्यूनिसिपल बांड जारी कर चुका है। इसी कारण शुक्रवार को वहां पर अन्य नगर निगमों के लिए कार्यशाला आयोजित की गई है। बांड जारी करने में उसके अनुभव अन्य नगर निगमों को साझा किये जायेंगे। कार्यशाला में शामिल होने के लिए नगर आयुक्त डॉ इन्द्रमणि त्रिपाठी के साथ स्मार्ट सिटी मिशन के जीएम एसके जैन, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी महामिलिंद, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह व चाटेंड अकाउंटेंट प्रवीन श्रीवास्तव गुरुवार को भोपाल के लिए रवाना हो गये हैं।
म्यूनिसिपल बांड से मिलने वाली रकम आय के श्रोत विकसित करने वाली परियोजनाओं में लगेगी। इसमें चकबस्त में व्यावसायिक काम्प्लेक्स, औरंगबाद में बन रहे अपार्टमेंट, जानकीपुरम में जलकल की पेयजल योजना, महानगर के रैन बसेरा काम्पलेक्स में दुकानों का निर्माण आदि में खर्च किया जायेगा। इससे नगर निगम के आय में खासी वृद्धि होने की संभावना है।

No comments