बुद्धा पार्क से सूरजकुंड पार्क तक बनेगी स्मार्ट सड़क
HTN Live
लखनऊ। बुद्धा पार्क से सूरजकुंड पार्क तक की सड़क स्मार्ट होने जा रही है। स्मार्ट सिटी प्रॉजेक्ट के तहत करीब 500 मीटर लंबी इस सड़क के दोनों ओर सुंदरीकरण होगा। नगर आयुक्त इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि यह काम जल्द शुरु हो जायेगा। इसके अलावा शहर के 20 मुख्य चौराहों पर एलईडी स्क्रीन लगायी जायेगी, जो शहर के ट्रैफिक के साथ प्रदूषण स्तर और मौसम का भी हाल बतायेगी।
नगर आयुक्त ने बताया कि इंटिग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट परियोजना के तहत शहर के 110 चौराहे चुने गये हैं। इसके तहत टेढ़ी पुलिया और अवध हॉस्पिटल चौराहे पर काम भी शुरु हो चुका है। काम पूरा होने के बाद इन चौराहों पर सारथी सॉफ्टवेयर के जरिये सिग्नल, जेब्रा लाइन क्रॉस करने, बिना हेल्मेट या सीट बेल्ट होने पर ऑनलाइन चालान किया जायेगा।
नगर आयुक्त ने बताया कि कलर माई सिटी योजना के तहत शहर की सड़कों के किनारे स्थानीय लोगों की मदद से खूबसूरत पेंटिंग बनायी जायेगी। शहर का कोई भी नागरिक निगम की तरफ से निर्धारित या खुद की थीम पर अपने इलाके की सड़कों के किनारे पेंटिंग करवा सकेगा। स्मार्ट सिटी के तहत झंडा वाला पार्क और दया निधान पार्क को ओपन जिम पार्क बनाने के लिए चुना गया था। इसका काम पूरा हो चुका है। इसके अलावा झंडी वाला पार्क, दया निधान पार्क, कैसरबाग पार्क, शहीद स्मारक, गोमती रिवर फ्रंट और बेगम हजरत महल पार्क में वाई-फाई लगाने का काम भी पूरा हो गया है।

No comments