Breaking News

राजस्थान के पत्थर कारोबारी का एक करोड़ का भुगतान हड़पा कंस्ट्रक्शन कम्पनी पर लगाया धोखाधड़ी का आरोप

HTN Live


सचिवालय के बी ब्लाक में कराया था पत्थर का काम
रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए दर-दर भड़कता रहा पीडि़त
डिप्टी सीएम से शिकायत के बाद एफआईआर दर्ज

लखनऊ, 24  दिसम्बर।
सचिवालय के नक्काशी वाले पत्थर लगाने वाले एक ठेकेदार के एक करोड़ रुपये का भुगतान एक कंस्ट्रक्शन कम्पनी पर हड़पने का आरोप लगा है। ठेकेदार का कहना है कि कम्पनी ने न सिर्फ उसका भुगतान हड़प लिया, बल्कि पुलिस की मदद से उसको जेल तक भिजवा दिया। किसी तरह परिवार वालों ने उसकी जमानत की। पीडि़त ने अपने भुगतान के लिए काफी कोशिश की पर नाकाम रहा और शिकायत के बावजूद भी पुलिस उसकी कोई मदद नहीं की। पीडि़त डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से मिलकर शिकायत की। अब इस मामले में कंस्ट्रक्शन कम्पनी के दो मालिकों के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गयी है। 
राजस्थान के दौसा निवासी चिरंजी लाल सोनी का राजस्थान में पत्थर का कारोबार है। उसकी चिरंजी स्टोन कला केन्द्र नाम का एक फर्म है। उसका कहना है कि वर्ष 2016 में लखनऊ के सुभाष मार्ग स्थित केडी कंस्ट्रक्शन नाम की एक कम्पनी ने उसको सचिवालय के बी ब्लाक स्थित पिछले हिस्से में नक्काशी वाले पत्थर लगाने का ठेका दिया था। 10 अप्रैल वर्ष 2016 को दोनों कम्पनियों के बीच अनुबंध हुआ। चिरंजी लाल का कहना है कि मार्च 2017 तक 80 प्रतिशत काम उन्होंने पूरा करा दिया। इसके बाद चिरंजी लाल ने जब कंस्ट्रक्शन कम्पनी के लोगों से अपने भुगतान की बात की तो कम्पनी के लोगों ने इधर-उधर की बात कहकर मामले को टाल दिया। करीब एक करोड़ रुपये का भुगतान रुकने की वजह से चिरंजी लाल के सामने मजदूरों को वेतन देने की दिक्कत आने लगी। वहीं मजदूर लगातार चिरंजी लाल से अपने वेतन की मांग करने लगे। 
तीन दिनों चौकी में बैठाया, फिर किया चालान
चिरंजी लाल का कहना है कि उसने जब कंस्ट्रक्शन कम्पनी के मालिकों पर अपने भुगतान का दबाव बनाया तो कम्पनी के लोगों ने अपने प्रमाव का प्रयोग करते हुए उसको पुलिस के हवाले कर दिया। पीडि़त का आरोप है कि तीन दिनों तक उसको बेवजह दारूलशफा पुलिस चौकी पर बैठाये रखा गया। इसके बाद शांतिभंग के आरोप में उसका चालान कर दिया गया। 
परिवार वालों ने करायी जमानत
पीडि़त चिंरजी लाल का कहना है कि लखनऊ में उसका कोई परिचित न होने की वजह से उसकी जमानत नहीं हो सकी। इसके बाद जब उसके परिवार वालों को इस बात का पता चला तो परिवार के लोग लखनऊ पहुंचे और चिरंजी लाल की जमानत करायी। 
पांच लाख का उपकरण भी हड़पा
चिरंजी लाल सोनी का आरोप है कि कंस्ट्रक्शन कम्पनी के मालिकोंं ने न सिर्फ उसका एक करोड़ रुपये का भुगतान रोक लिया, बल्कि पत्थर कटिंग और लगाने में प्रयोग होने वाले पांच लाख रुपये के उपकरण भी गायब कर दिये गये। पीडि़त ने कंस्ट्रक्शन कम्पनी के लोगों पर उपकरण हड़पने का आरोप लगाया है। 
शिकायत के बावजूद भी पुलिस ने नहीं की मदद
राजस्थान के रहने वाले चिरंजी लाल का कहना है कि अपने साथ हुई इस घटना की शिकायत उसने हजरतगंज पुलिस से लेकर पुलिस के कई आलाधिकारियों से भी की, पर कहीं से कोई न्याय नहीं मिला। वहीं कस्ट्रक्शन कम्पनी के लोग उसको शहर छोड़कर जानने का दवाब डालने लगे। 
डिप्टी सीएम से की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर
अपने साथ हुई एक करोड़ रुपये की ठगी के मामले में पीडि़त चिंरजी लाल ने कुछ समय पहले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, यूपी के राज्यपाल राम नाईक सहित शासन और प्रशासन के कई आलाधिकारियों को अपना शिकायत पत्र भेजे। अब इस मामले में रविवार को कंस्ट्रक्शन कम्पनी के दो मालिकों के खिलाफ अमानत में खयानत, धोखाधड़ी और धमकाने की रिपोर्ट दर्ज की गयी है। 

No comments