Breaking News

मुसीबत में परिचित की मदद करना पड़ा महंगा उधार मेें लिये गये 12 हजार रुपये परिचित ने हड़पे

HTN Live


रुपये वापस मांगने पर पीडि़त को बुरी तरह पीटा
पीडि़त चालक ने सरोजनीनगर थाने में दर्ज करायी रिपोर्ट

लखनऊ, 24  दिसम्बर।
बुरे वक्त पर अपने एक परिचित की मदद करना एक टैक्सी चालक को महंगा पड़ गया। परिचित ने उधार में लिये गये उसके 12 हजार रुपये हड़प लिये। पीडि़त ने जब 22 दिसम्बर को उससे अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। अब टैक्सी चालक ने आरोपी के खिलाफ सरोजनीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी है। 
सरोजनीनगर के हनुमान पुरी कालोनी में टैक्सी चालक अनिल कुमार यादव अपने परिवार संग रहता है। अनिल का कहना है कि करीब 8 माह पहले एक परिचित टैक्सी चालक सुरेन्द्र कुमार गुप्ता ने अपनी मुसीबत का हवाला देते हुए उससे 12 हजार रुपये उधार मांगे थे। अनिल का कहना है कि उसके पास इतने रुपये नहीं थे। बावजूद इसके उसने लोगों से मांग कर 12 हजार रुपये जमा किये और चालक सुरेन्द्र कुमार गुप्ता को देकर उसकी मदद की। रुपये उधार लेने के बाद चालक सुरेन्द्र कुमार ने रुपये वापस नहीं किये। पीडि़त ने जब कभी उससे रुपये वापसी की बात कही तो उसने इधर-उधर की बात कर मामले को टाल दिया। टैक्सी चालक सुनील का कहना है कि 22 दिसम्बर को चालक सुरेन्द्र कुमार से उसकी मुलाकात एयरपोर्ट पर हुई। उसने सुरेन्द्र से उधार मेें दिये गये रुपये वापस मांगे। बस इस बात पर सुरेन्द्र कुमार गुप्ता भड़क उठा और सुनील कुमार के साथ मारपीट करते हुए उसका गला दबाने लगा। मारपीट देख आसपास के लोगों ने दोनों के अलग किया। आरोपी सुरेन्द्र ने सुनील के रुपये वापस करने से इनकार कर दिया। अब इस मामले में पीडि़त टैक्सी चालक ने आरोपी सुरेन्द्र के खिलाफ सरोजनीनगर थाने में एफआईआर दर्ज करायी है।

No comments