सिपाही का बेटा निकला लूटेरा साथी संग गोमतीनगर पुलिस ने किया गिरफ्तार
HTN Live
लूटी गयी दो चेन, नकदी और चोरी की बाइक बरामद
लखनऊ, 24 दिसम्बर।
लखनऊ पुलिस लाइन में रहने वाले एक सिपाही का बेटा अपने एक साथी संग मिलकर शहर के ट्रांसगोमती इलाके में लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। बीती रात पुलिस ने किसी तरह सिपाही के बेटे और उसके साथी को धर-दबोचा। उनके पास से चोरी की एक बाइक, दो लूटी गयी चेन और 7500 रुपये नकद मिले।
इंस्पेक्टर गोमतीनगर ने बताया कि उनके इलाके में हुई लूट के मामले में छानबीन कर रही पुलिस को कुछ घटनाओं की सीसीटीवी फुटेज मिली थी। इस फुटेज में दिख रहे बदमाशों की तलाश में कई दिनों से पुलिस की टीम लगी थी। फुटेज में बदमाशों के पास काले रंग की पल्सर थी। बीती रात गोमतीनगर पुलिस को मुखबिर की मदद से इस बात की सूचना मिली कि काले रंग की पल्सर बाइक सवार दो बदमाश ग्वारी चौराहे पर आने वाले हैं। बस इसके बाद पुलिस टीम ग्वारी चौराहे पर पहुंची। जैसे ही पुलिस को काले रंग की पल्सर बाइक सवार दो युवक दिखे पुलिस ने उनको घेर कर पकड़ लिया। पुलिस ने जब दोनों से बाइक के पेपर मांगे तो वह एक भी पेपर नहीं दिखा सके। शक होने पर पुलिस ने जब दोनों की तलाशी ली तो उनके पास से दो चेन की चेन और 7500 रुपये नकद मिले। पूछताछ की गयी तो आरोपियों ने बताया कि बरामद बाइक गोमतीनगर इलाके से चोरी की है और चेन उन लोगों ने कुछ समय पहले लूटी थी। आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम महानगर निवासी अभिषेक पाण्डेय और रिजर्व पुलिस लाइन निवासी चंद्र प्रकाश राय बताया। आरोपी चंद्र प्रकाश राय के पिता पुलिस विभाग में सिपाही हंै और कुछ समय पहले वह लखनऊ में तैनात थे। मौजूदा समय में वह लखनऊ से बाहर तैनात हैं।
इस तरह करते थे लूट की वारदात
इंस्पेक्टर गोमतीनगर त्रिलोकी सिंह ने बताया कि आरोपी चोरी की बाइक से इधर-उधर घूम कर सुनसान जगहों पर महिलाओं से चेन व पर्स स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देते थे। इसके बाद आरोपी लूटी गयी चेन को इधर-उधर सर्राफ के पास अपनी मजबूरी बताकर सस्ते दामों में बेच दिया करते थे।
सात लूट की घटनाओं का हुआ खुलासा
गोमतीनगर पुलिस के हत्थे चढ़े बदमाश से पूछताछ में लूट की सात घटनाओं को खुलासा हुआ। आरोपियों ने गोमतीनगर इलाके में पांच, इन्दिरानगर में एक और अलीगंज में एक लूट की वारदात को अंजाम देने की बात कुबूली है।
सिपाही का बेटा जमानत में चल रहा था
सिपाही अशोक राय का बेटा चंद्र प्रकाश राय के खिलाफ वर्ष 2015 में हजरतगंज कोतवाली में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। उस मामले मेें पुलिस ने चंद्र प्रकाश को गिरफ्तार किया था। मौजूदा समय में आरोपी चंद्र प्रकाश जमानत पर रिहा होकर आया था।
आरोपी अभिषेक डाल चुका है बैंक डकैती
लूट के मामले में पकड़ा गया आरोपी अभिषेक पाण्डेय पेशेवर अपराधी है। उसने वर्ष 2015 में चिनहट में एसबीआई में डकैती डाली थी। इस दौरान बैंक के गार्ड की हत्या कर दी गयी थी। उस वक्त आरोपी अभिषेक को पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था। आरोपी अभिषेक के खिलाफ चिनहट पुलिस ने गैंगस्ट एक्ट की भी कार्रवाई की थी।
प्यार के जाल में फंसाकर युवती का शारीरिक शोषण

No comments