मिशन शक्ति के तहत स्थापित महिला हेल्प डेस्क का मेहनौन विधायक ने किया लोकार्पण
HTN Live
प्रदेश सरकार द्वारा महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन हेतु प्रारम्भ किये गये "मिशन शक्ति" अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक गोंडा शैलेश कुमार पांडे के निर्देशन में शुक्रवार को इटियाथोक कोतवाली में "महिला हेल्प डेस्क" का शुभारम्भ किया गया। इस दौरान मेहनौन से भाजपा विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने कोतवाली परिसर में बनायी गयी महिला हेल्प डेस्क का फीता काटकर उद्घाटन किया। विधायक श्री द्विवेदी ने महिला हेल्प डेस्क में नियुक्त महिला कर्मचारियों से वार्ता कर हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त की।मौके पर प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे व वरिष्ठ उप निरीक्षक राजेश कुमार पांडे सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।भाजपा विधायक श्री द्विवेदी ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को उनके हक के बारे में बताकर उन्हें जागरूक किया।उन्हें निर्भय होकर ससम्मान महिला डेस्क में अपने साथ हो रहे अत्याचारों की शिकायत करने की बात बताई। मौके पर उपस्थित महिलाओं व छात्राओं ने भी अपनी-अपनी राय व्यक्त की। महिला सशक्तिकरण व जागरूकता पर आधारित इस कार्यक्रम में क्षेत्र कई स्कूलों की छात्राओं व अध्यापिकाओ नें अपनी सहभागिता निभाई।

No comments