Breaking News

हाथरस की पीड़िता को न्याय दिलाने एवं मुख्यमंत्री के त्यागपत्र की मांग को लेकर 2 अक्तूबर को गांधीजी की प्रतिमाओं पर वामदल प्रदर्शन करेंगे

HTN Live 
                   Chief Editor HTN LIVE
लखनऊ- 30 सितंबर 2020, वामपंथी दलों ने हाथरस की पीड़िता की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। वाम दलों ने इस बात पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया कि पीड़िता की दिल्ली में मौत के बाद गाँव ले जा कर प्रशासन ने उसकी जबरिया अन्त्येष्टि कर दी और परिवार को अंतिम दर्शन तक से वंचित कर दिया। उन्होने सवाल खड़ा किया कि योगीराज में प्रशासन किस हद तक तानशाह और असंवेदनशील हो चुका है।

#वामदलों ने कहा कि इस पूरे प्रकरण में पुलिस प्रशासन ने जो षडयंत्र पूर्ण स्थिति अख़्तियार की और पीड़िता के साथ हुये अन्याय को दबाने की कोशिश की वह राज्य सरकार के माथे पर कलंक का टीका है। उत्तर प्रदेश में बलात्कार, बलात्कार के बाद हत्या एवं दलित उत्पीड़न की प्रतिदिन अनेक वारदातें हो रही हैं। योगी सरकार न इन जघन्य वारदातों को रोक पा रही है न अन्य अपराधों को। उत्तर प्रदेश जंगलराज बन चुका है। यह सरकार और सरकार के मुखिया सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार खो बैठी है।

#अब स्थिति यह है कि हाथरस में पीड़िता के गाँव बूलगड़ी को पुलिस छावनी बना दिया गया है और सारे रास्ते सील कर दिये गए हैं। भाजपा को छोड़ किसी भी जन प्रतिनिधि तथा राजनेता को वहाँ जाने तक नहीं दिया जा रहा। लोगों में उबाल है और वे सड़कों पर उतर रहे हैं, लेकिन उन्हें पुलिस प्रशासन के बल पर दबाया जा रहा है। लाठीचार्ज आदि किया गया है। अन्य जगह भी विरोध प्रदर्शनों पर बल प्रयोग किया जा रहा है। वामदल इसकी निन्दा करते हैं।

#वामपंथी दल मांग करते हैं कि दोषियों को कड़ी सजा मिले और फास्ट ट्रेक में सही पैरवी हो सके इसके लिए जरूरी है कि पुलिस प्रशासन के जिम्मेदार लोगों को चिन्हित कर तत्काल हटाया जाये। पीड़ित परिवार को 20 लाख का अतिरिक्त मुआबजा दिया जाये।  

#वामदल पुनः दोहरा रहे हैं कि मुख्यमंत्री कानून व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह असफल साबित हुये हैं। अतएव उन्हें त्यागपत्र दे देना चाहिये।

#वामदलों ने तय किया कि पीड़िता को न्याय दिलाने, महिलाओं और दलितों का उत्पीड़न रोके जाने, नफरत और नफरत के आधार पर दमन की राजनीति बन्द किये जाने, दोषी अधिकारियों को हटाये जाने  एवं मुख्यमंत्री के त्यागपत्र की मांग को लेकर वामपंथी दल 2 अक्तूबर को पूरे उत्तर प्रदेश में गांधी प्रतिमाओं पर धरना देंगे।

#यह बयान भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव डा॰ गिरीश, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी- मार्क्सवादी के राज्य सचिव डा॰ हीरालाल यादव, भाकपा- माले, लिबरेशन के राज्य सचिव का॰ सुधाकर यादव एवं आल इंडिया फारबर्ड ब्लाक के राज्य संयोजक अभिनव सिंह कुशवाहा ने संयुक्त रूप से जारी किया ।

No comments