Breaking News

सिंवई और ईदी ने बढ़ायी ईद की खुशियां

HTN Live


लखनऊ। 
ईद की नमाज के बाद सिंवई ने लोगों की खुशियों को दोगुना कर दिया। ईदगाह और मस्जिदों में ईदुल फित्र की नमाज अदा करने के बाद लोगों ने अपने रिश्तेदार और दोस्तों के घर जाकर ईद की मुबारकबाद दी और सिंवई से मुंह मीठा किया। वहीं बड़ों ने घर के छोटे बच्चों और अपने से छोटों को ईद के मौके पर ईदी बांटी। दोपहर बाद से एक-दूसरे के घर जाकर ईद की मुबारकबाद देने का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। लोगों ने अपने घर ईद की मुबारकबाद देने आने वाले मेहमानों के लिए सिंवई के साथ ही नमकीन और तरह-तरह के पकवान बनवाए। 
ईद के त्योहार पर लोगों ने सिंवई और ईदी के साथ ईद की खुशियां मनाई। नमाज के बाद एक-दूसरे के घर ईद मिलने पहुंचे लोगों का स्वागत तरह-तरह की सिंवइयों से हुआ। लोगों ने सिंवई से मुंह मीठा कर एक-दूसरे के गले लगकर ईद मुबारक कहा तो बच्चों को ईदी बांटी। इस दौरान अपने दोस्तों, रिश्तेदारों के घर पहुंचे लोगों ने मीठी सिंवई के साथ दही-बड़ा, फुल्की और नमकीन का भी जमकर लुत्फ उठाया। पुराने लखनऊ के मोहल्लों में छोटे-छोटे बच्चे रंग-बिरंगे कपड़े पहन एक-दूसरे के गले मिलते दिखे। सुबह की नमाज के बाद ईद मिलने का शुरू हुआ सिलसिला देर रात तक चलता रहा। बुधवार को ईद के बाद अगले दिन गुरुवार को भी लोग आराम के मूड में दिखे। लोगों ने गुरुवार को भी एक-दूसरे के घर पहुंच कर ईद की मुबारकबाद दी। छोटे बच्चे अपने बड़ों से ईदी के रूप में रुपये और तोहफे पाकर खुश हुए। पुराने लखनऊ के मोहल्लों में छोटे-छोटे बच्चे और बच्चियां अपने हाथ और गले में पर्स डाल शान से घूमते दिखे। 
इमामबाड़ों और पार्कों में लगी रही भीड़

ईद के त्योहार पर इमामबाड़ों और पुराने लखनऊ के पार्कों में भीड़ लगी रही। रूमी गेट के पास पतंग पार्क, नींबू पार्क हो या बुद्धा पार्क किसी भी पार्क में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। सुबह से लोगों का पार्क पहुंचने का सिलसिला देर शाम पार्क बंद होने तक जारी रहा। लोगों ने पार्क में घूम कर मौज-मस्ती की और चाट-पकौड़ी का मजा लिया। पुराने लखनऊ की हर सड़क और गली ईद का जश्न मनाने वालों से पटी पड़ी थी। आसिफी इमामबाड़े में बुधवार को जबरदस्त भीड़ उमड़ी। लोगों ने अपने परिवार के साथ शहर के अलग-अलग स्थानों पर घूम कर ईद की खुशियां मनाईं। 

No comments