लखनऊ आवास विकास 140 एकड़ में बनायेगा मॉडल सिटी
HTN Live
लखनऊ। आवास विकास परिषद सुलतानपुर रोड पर नयी जेल के पास मॉडल सिटी बनायेगी। इसे 140 एकड़ में विकसित किया जायेगा। किसानों को इस योजना में साझीदार बनाया जायेगा। इसके लिए 60 प्रतिशत किसानों ने अपनी जमीन देने के लिए अनुबंध भी कर लिया है। लोकसभा चुनाव के बाद योजना पर काम शुरु होगा।
उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद प्रदेश में पायलट प्रोजेक्ट के तहत लखनऊ में मॉडल सिटी बनाने जा रही है। इसे शासन की नयी स्कीम लैंड पूलिंग से विकसित करने की तैयारी है। परिषद ने इसके लिए सुलतानपुर रोड पर नयी जेल के पास मोहारी कला व सिठौली गांव की जमीन चिन्हित की है। दोनों गांवों के 58 किसानों की जमीन ली जानी है। किसानों से ली जाने वाली कुल जमीन में से 50 प्रतिशत पार्क, सड़क, सीवर व नाले जैसी सुविधाओं में चली जायेगी। बाकी जो 50 प्रतिशत जमीन बचेगी उसमें से 25 प्रतिशत विकसित जमीन किसानों को मिल जायेगी। बाकी 25 प्रतिशत जमीन आवास विकास की होगी।
आवास विकास के अफसरों का कहना है कि इससे किसानों को भारी फायदा होगा। वह जिसे चाहेंगे अपने प्लाट मनमानी कीमत पर बेच सकेंगे। इससे किसानों को उनकी जमीन की कीमत का 4 से 5 गुना ज्यादा दाम मिल जायेगा। अधिकारियों ने बताया कि 60 प्रतिशत से ज्यादा किसानों ने इसके लिए आवास विकास परिषद से समझौता कर लिया है। आवास विकास परिषद ने जेल रोड के पास जहां माडल सिटी बनाने की योजना तैयार की है वह स्थान पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से ठीक एक किलोमीटर दूरी पर है। इससे इस योजना के और खास होने की उम्मीद है। माडल सिटी विकसित होने पर यहां जमीन काफी महंगी हो सकती है।
प्रस्तावित मॉडल सिटी का मुख्य मार्ग 60 मीटर चौड़ा होगा। इसे एनएच मार्ग घोषित कर दिया गया है। इसका नंबर एनएच 56बी घोषित किया गया है। इतनी चौड़ी रोड पर योजना विकसित होने से इसके लोगों के लिए काफी आकर्षक होने की उम्मीद है। इस योजना के शुरु होने से शहर के सैकड़ों लोगों को यहां मकान और प्लाट मिलेंगे। परिषद इसे लाटरी से आवंटित करेगा। जो 25 प्रतिशत प्लॉट किसानों को दिये जायेंगे वह किसान खुद ही बेच सकेंगे। आवास विकास परिषद किसानों को जो 25 प्रतिशत प्लॉट देगी उन्हें लाटरी से आवंटित करेगी।
आवास विकास परिषद के अधिशासी अभियंता केसी श्रीवास्तव ने बताया कि आवास विकास परिषद ने इस माडल सिटी का प्रस्ताव तैयार किया है। इसे प्रदेश में पायलट प्रोजेक्ट के तहत शुरु किया जा रहा है। किसान जमीन देने के लिए अनुबंध करा रहे हैं। यहां का रोड 60 मीटर चौड़ा होगा। पूरी योजना किसानों के फायदे को देखकर तैयार की गयी है।
No comments