Breaking News

लखनऊ कानपुर के बीच निरस्त ट्रेनों के बंद होने से यात्री परेशान

HTN Live


लखनऊ (सं)। लखनऊ से कानपुर अप डाउन करने वाले यात्रियों को रेलवे की लापरवाही का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। रेलवे ने नवम्बर में कोहरे का बहाना बनाकर दर्जनों रेलगाडिय़ों को निरस्त कर दिया था। जिनका संचालन अभी तक दोबारा शुरू नहीं किया गया है। जिसकी वजह से लखनऊ कानपुर के बीच यात्रा करने वाले डेली पैसेन्जर और छात्रों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के मीडिया प्रभारी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि लखनऊ से कानपुर और कानपुर से लखनऊ के बीच रोजाना हजारों लोग मय छात्र सफर करते हैं। लेकिन रेलवे ने नवम्बर में कोहरा शुरू होने से पहले ही दर्जनों ट्रेनों को निरस्त कर दिया था। लेकिन आज मार्च शुरू हो चुका है और अभी तक रेलवे ने दोबारा उन ट्रेनों का संालन शुरू नहीं किया। वहीं उन्होंने बताया कि होली के नजदीक आने पर जहां रेलवे स्पेशल ट्रेनों को तो चला रहा है लेकिन पुरानी बंद पड़ी ट्रेनों को शुरू नहीं कर रहा है। इसके अलावा लखनऊ से कानपुर के बीच चलने वाली कई ट्रेनों को चारबाग के बजाय बादशाहनगर व ऐशबाग से संचालित किया जा रहा है। जिसकी वजह से यात्रियों को और ज्यादा परेशानी हो रही है। योगेन्द्र ने बताया कि उन्होंने इस मामले में पीएमओ में चिठ्ठी भेजी थी कि रेलगाडिय़ों का संचालन चारबाग से किया जाये। लेकिन वहां से जवाब मिला कि यह फैसला रेलवे बोर्ड का है और वो इसमें हस्तक्षेप नहीं कर सकते हैं। चारबाग से चलने वाली कटिहार अमृतसर एक्सप्रेस, झांसी इंटरसिटी और झांसी पैसेन्जर समेत कई ऐसी ट्रेनें हैं जिनको निरस्त किया गया था और अभी तक दोबारा शुरू नहीं किया गया है। 

No comments