Breaking News

होली पर रेलवे चलायेगा दिल्ली और बरौनी के लिए स्पेशल ट्रेन

HTN Live
लखनऊ (सं)। होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन से वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। लंबी दूरी की ट्रेनों में सीटें फुल है। ऐसे में कन्फर्म सीटें होली स्पेशल ट्रेनों में आसानी से मिल जायेंगी। रेलवे की ओर से चंडीगढ़ से गोरखपुर वाया लखनऊ और नई दिल्ली से बरौनी वाया लखनऊ होली स्पेशल ट्रेनें चलाने की तैयारी पूरी है। इन ट्रेनों में सीटों की बुकिंग शुरू हो गयी है।
ट्रेन नम्बर 04924 चंडीगढ़ गोरखपुर होली स्पेशल 14 से 21 मार्च तक प्रत्येक गुरुवार को चंडीगढ़ से रात सवा ग्यारह बजे रवाना होकर अगले दिन शाम साढ़े पांच बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नम्बर 04923 गोरखपुर चंडीगढ़ होली स्पेशल 15 से 22 मार्च तक प्रत्येक शुक्रवार को रात 10.10 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 2.25 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। यह ट्रेन अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा व बस्ती स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें सेकेंड व थर्ड एसी सहित स्लीपर व जनरल की बोगियां होंगी। ट्रेन नम्बर 04404 नई दिल्ली बरौनी एक्सप्रेस 12 से 22 मार्च तक प्रत्येक मंगलवार व शुक्रवार को नई दिल्ली से शाम 7.25 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 7.45 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नम्बर 04403 बरौनी से नई दिल्ली 13 से 23 मार्च तक प्रत्येक बुधवार व शनिवार को बरौनी से रात 9.35 बजे चलकर अगले दिन रात 10.10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया, सदर, सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर व समस्तीपुर में रुकेगी। इसमें सेकेंड व थर्ड एसी की बोगियां होंगी।

No comments