Breaking News

शादी से लौट रहे दो दोस्तों की हादसे में दर्दनाक मौत दोनों की बुलेट सड़क पर खड़ी ट्राली में भिड़ी

HTN Live



लखनऊ, 2 फरवरी। निगोहां के मदाखेड़ा चौराहे के पास शुक्रवार देर रात रायबरेली के बछरांवा से तेलीबाग जा रहे दो बुलेट सवार युवक दोस्त ईंट से लदी खड़ी ट्राली से जा भिड़े। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी,जबकि दूसरे युवक की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गयी। दोनों युवक रायबरेली के बछरांवा एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गये थे। 
तेलीबाग गांधी नगर निवासी 25 वर्षीय सत्यशील अपने परिवार संग रहता था। उसके पड़ोस उसका साथी 30 वर्षीय संदीप पाल भी रहता था। बताया जाता है कि शुक्रवार को दोनों रायबरेली के बछरांवा में एक शादी समारोह में शामिल होने बुलेट से गये थे। रात करीब 11:30 बजे दोनों बुलेट से वापस तेलीबाग अपने घर जा रहे थे। मदाखेड़ा मंदिर पेट्रोल पम्प के सामने हाईवे पर पहले से ही ईंट से लदी हुई ट्रॉली खड़ी हुई थी। बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर खड़ी ट्राली नहीं दे सके और उनकी बाइक सीधे ट्राली में जा घुसी। हादसा इतना भयानक था कि बुलेट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी थी और संदीप की मौके पर ही मौत हो गयी। स्थानीय लोगों ने जब हादसे की आवाज सुनी तो वह लोग दौड़कर मदद के लिए पहुंचे और सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पुलिस पहुंची तब सत्यशील की सांस चल रही थी। निगोहां पुलिस उसको इलाज के लिए अस्पताल लेकर दौड़ी पर रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों की पहचान की और खबर उनके परिवार वालों को दी। छानबीन के बाद निगोहां पुलिस ने दोनों युवकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं निगोहां पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को अपने कब्जे में ले लिया है। 

दोनों की दोस्ती के मोहल्ले में है चर्चा 

तेलीबाग गांधीनगर के लोगो ने बताया कि सत्यशील और संदीप दोनों अच्छे दोस्त थे। साथ ही दोनों तेलीबाग के खादिल शू स्टोर में साथ-साथ काम करते थे। दोनों में इतनी गहरी दोस्ती थी कि दोनों साथ ही घर से निकलते थे और साथ ही वापस भी लौटते थे। लोगों ने बताया कि दोनों दोस्त मिलनसार भी थे जिसकी वजह से दोनों की हर कोई हमेशा सराहना ही करता था। अचानक दोनों की मौत की खबर से न सिर्फ परिवार बल्कि आसपास के लोग भी गहरे सदमे में हैं। कुछ लोगों ने बताया कि यह शायद उनकी दोस्ती इतनी गहरी थी कि मौत भी दोनों को अलग नहीं कर सकी। 
मौत की खबर से घर व मोहल्ले में मचा कोहराम
घटना की सूचना जैसे ही रात सत्यशील और संदीप के घर में पहुची वैसे ही घर में कोहराम मच गया। इसकी जानकारी होने पर मोहल्ले के भी लोग अपने घरों से निकलकर आये। वहीं बड़ी संख्या में लोग निगोहा घटनास्थल भी पहुंच गये। हादसे में मारा गया संदीप के परिवार में भाई आशीष बहन आरती पत्नी पूजा और दो बेटियां हैं। शनिवार को जब सन्दीप का शव घर पहुचा तो सभी बिलख रहे थे। वहीं जब पिता के शव को देखकर बेटी अनन्या और सुप्रिया अपनी मां के पल्लू को पकड़कर बिलख रही थंीं। 

दो माह पहले हुई थी सत्यशील की शादी 

सत्यशील की शादी 22 नवंबर को सोनम के साथ हुई थी। इस घटना के बाद जब पत्नी को पति के मौत की खबर मिली तो वह बदहवास हो गयी। घर वालों ने किसी तरह संभाला। वहीं बरेली आदर्श जेल कारागार से रिटायर पिता दयाराम चौधरी भी एक किनारे बिलख रहे थे। सत्यशील अपने दोनों भाई पंचशील, आदित्यशील में सबसे छोटा था। जिसकी वजह से वह सबका बहुत दुलारा था। 

हाईवे पर चल रहे ट्रैक्टर ट्राली हैं खतरनाक

निगोहां के मदाखेड़ा गांव में हुए सड़क हादसे के बाद ग्रामीणों का आरोप है कि अक्सर हाईवे पर चलने वाले ट्रैक्टर ट्राली हादसे की वजह बन जाते हैं। लोगों का आरोप है कि कृषि के काम के लिए खरीदे गये ट्रैक्टर और ट्राली का व्यवसायिक प्रयोग किया जाता है। अक्सर बिना टेल लाइट के ट्रैक्टर चालक रात को हाईवे पर ट्रैक्टर ट्राली लेकर निकल पड़ते हैं और दूसरे वाहन चालकों को अंधेरे में ट्रैक्टर ट्राली नहीं दिख पाती है। लोगों का कहना है कि ट्रैक्टर ट्राली के कार्मिशियल प्रयोग पर प्रशासन को रोक लगानी चाहिए।

No comments