इकाना में होगा यूपी कूच बिहार ट्राफी का क्वार्टर फाइनल मैच
HTN Live
घरेलू मैंदान पर होगा उत्तराखण्ड से यूपी का मुकाबला
लखनऊ। रणजी ट्रॉफी के बाद अब उत्तर प्रदेश की टीम कूच बिहार क्रिकेट ट्रॉफी अण्डर-19 का क्वार्टर फाइनल राजधानी के अटल बिहारी वाजपेयी अंतरराष्ट्रीय इकाना स्टेडियम में खेलेगी। उत्तराखण्ड से उसका मुकाबला 28 से 31 जनवरी तक खेला जायेगा। इस मुकाबले में राजधानी के क्रिकेट प्रेमी स्थानीय क्रिकेटर अंश यादव के स्ट्रोक देखेंगे। यही नहीं उत्तराखण्ड के दो स्टार बल्लेबाजों कूच बिहार ट्रॉफी के इस सीजन में अब तक सबसे ज्यादा पांच शतकों के साथ 1059 रन बना चुके संयम और तीन शतकों के साथ 883 रन बना चुके अवनीश सुधा का जलवा भी देखने को मिलेगा।
कूच बिहार में उत्तर प्रदेश ने अपने आखिरी लीग मैच में गुरुवार हिमाचल प्रदेश पर पारी में बढ़त हासिल की। इस मुकाबले में एक दिन का खेल वर्षा के कारण नहीं हो पाया था। हिमाचल प्रदेश की पहली पारी 138 रनों पर सिमट गई थी। जवाब में उत्तर प्रदेश ने पहली पारी में अंश यादव के 51 और ध्रुव चंद के 45 रनों की नाबाद पारियों की मदद से पांच विकेट पर 207 रन बने। इसी स्कोर पर मैच ड्रा हो गया। उत्तर प्रदेश एलीट गु्रप-ए और बी में शीर्ष पर रहा। उसने लीग में 8 मैच खेले इसमे छह जीते और दो ड्रा रहे। इसमें उसने मुम्बई और हिमाचल प्रदेश में पारी में बढ़त हासिल की। ऐसे में क्वार्टर फाइनल में उसका मुकाबला प्लेट ग्रुप में शीर्ष पर रही उत्तराखण्ड से होगा। उत्तराखण्ड ने अपने सभी आठ मैच जीते।

No comments