Breaking News

आब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजिस्ट सोसाइटी के तत्वाधान में 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' के साथ ही पर्यावरण संरक्षण हेतु जागरूकता रैली

HTN Live


आज दिनाँक 02/01/2018 को निराला नगर स्थित सरस्वती मंदिर में फेडरेशन ऑफ आब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजिस्ट ऑफ इंडिया से सम्बद्ध इकाई लखनऊ आब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजिस्ट सोसाइटी के तत्वाधान में 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' के साथ ही पर्यावरण संरक्षण हेतु जागरूकता रैली का आयोजन किया गया जिसमें लखनऊ की महापौर श्रीमती संयुक्ता भाटिया मुख्य अथिति के तौर पर उपस्थित रहीं। संस्था की सचिव डॉ० प्रीति कुमार ने बुके देकर महापौर का स्वागत किया।

महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि यहां पर उपस्थित सभी महिला डॉक्टर्स के साथ ही हम सब इसलिए एकत्र हैं कि हमारे माता-पिता एवं परिवारीजनों ने यह नहीं चाहा कि हमें हमारी माँ की कोख़ से बाहर न आने दिया जाये।


प्राचीन भारत में महिलाओं का बड़ा ही महत्व था, उन्हें समाज में श्रेष्ठ स्थान प्राप्त था, लेकिन समय के साथ खास तौर से विदेशी आक्रांताओं की रूढ़िवादी एवं दमनकारी सोच ने समाज में महिलाओं के प्रति नकारात्मकता के भाव का जन्म लिया। लोगों ने बेटियों को बोझ समझना शुरू कर दिया, दहेज रूपी दानव ने इसमें आग में घी का काम किया। हरियाणा, पंजाब जैसे राज्यों में लिंग अनुपात में भारी अंतर बेटियों के प्रति समाज की विकृत सोच का पर्याय बन गयी। जिस प्रकार यदि हमारे दो पैरों में एक पैर छोटा हो तो व्यक्ति में विकृति आ जाती है, इसी प्रकार अगर बेटी एवं बेटियों की संख्या में अंतर होता है तो समाज में एवं देश में भी विकृति आ जाती है। हमारे देश ने 70 साल से इस विकृति को झेला है लेकिन हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के महाअभियान के द्वारा समाज में इस असंतुलन को कम करने की दिशा में अभूतपूर्व कार्य किया है। हमें बेटी बचाना भी है और बेटी पढ़ाना भी है और इस महायज्ञ में आप सभी डॉक्टर्स का महत्वपूर्ण योगदान होना चाहिये।


संस्था की सचिव डॉ प्रीति कुमार ने बताया कि आज पूरे देश में इस अभियान को चलाया गया जिसमें महिला डॉक्टर्स के साथ साथ लगभग 13000 हज़ार बेटियों ने प्रतिभाग किया। उन्होंने बताया कि बेटी बचाओ-बेटी बचाओ के साथ ही इस कार्यक्रम द्वारा समाज में पर्यावरण संरक्षण के महत्व का भी प्रसार किया गया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ तृप्ति बंसल ने किया।

इस अवसर पर संस्था की संरक्षिका डॉ चंद्रावती, अध्यक्ष डॉ उमा सिंह, डॉ गीता खन्ना, सरस्वती विद्या मंदिर के प्राचार्य रामतीर्थ वर्मा समेत शहर की तमाम नामचीन गायनेकोलॉजिस्ट, प्रबुद्धजन एवं विभिन्न स्कूलों के बच्चे शामिल रहे।

No comments