Breaking News

हफ्ता भर से लापता मासूम हत्या बोरे में मिला बच्ची का शव आक्रोशित परिजनों किया प्रदर्शन रास्ता जाम पुलिस ने हलके बल का प्रयोग कर काबू किये हालात

HTN Live

लखनऊ, सं।
महानगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर से गायब हुई मासूम बच्ची की एक नाबालिग ने गला दबाकर हत्या कर दी। घटना का पता चलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पड़ोसी किशोर ने मासूम की गला दबाकर हत्या करने और शव को बोरे में भरकर फेंकने की बात कबूली है। परिवार के लोगों ने जब इस बात का पता चला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गयी। नाराज परिजन सड़क पर उतर आये और रोड जाम कर प्रदर्शन करने लगे। घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया। 
जानकारी के मुताबिक घटना महानगर कोतवाली क्षेत्र के अकबरनगर की है। यहां की निवासी 5 वर्षीय मासूम अर्शी बीते शुक्रवार को घर से लापता हो गई थी। घरवालों ने बेटी की तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। घरवालों ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस शांत बैठ गई। बताया जा रहा है कि मासूम को घरवाले ढूंढ  रहे थे कि पड़ोसी नाबालिग आरोपी ने बताया कि उसने अर्शी की हत्या करके शव बोरे में भरकर फेंक दिया है। इस बात को सुनते ही घरवालों के पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किशोर को हिरासत में ले लिया। घरवालों ने मासूम का शव ना मिलते के बाद सड़क पर प्रदर्शन किया तो भारी संख्या में पुलिस मौके पर बुला ली गई। पुलिस डॉग स्क्वायड की मदद से मासूम के शव की तलाश में जुटी। जिसके बाद पुलिस ने शव बरामद कर लिया। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर किया लाठीचार्ज
मासूम बच्ची की हत्या के बाद आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस उन्हें समझा रही थी, लेकिन परिजन किसी बात को मानने को तैयार नहीं थे। इस दौरान सड़क पर भीषण जाम लग गया। भीड़ को खदेडऩे के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर पथराव भी कर दिया। पुलिस द्वारा हल्का बल प्रयोग करने से मची भगदड़ में कई लोगों को मामूली चोटे भी आई हैं। करीब 4 घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
परिजनों ने लगाया महानगर पुलिस पर आरोप
स्थानीय लोगों ने मासूम से दुष्कर्म की भी आशंका जताई है। लेकिन पुलिस का कहना है कि दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पायेगी। घटना से घरवालों का रो रो कर बुरा हाल है। घरवालों ने महानगर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। आरोप है कि पुलिस गुमसुदगी दर्ज करके शांत बैठ गई। अगर पुलिस ने ढूंढने की कोशिश की होती तो बच्ची जिंदा होती। फिलहाल पुलिस ने किशोर को हिरासत में ले लिया है। किशोर से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

No comments