Breaking News

लोक मंगल दिवस पर जोन 5 एवं ज़ोन 6 में जनता से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली

                              HTN Live


आज दिनाँक 18/12/2018 को दिसम्बर माह के तीसरे मंगलवार को माननीय महापौर श्रीमती संयुक्ता भाटिया ने लोक मंगल दिवस पर जोन 5 एवं ज़ोन 6 में जनता से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली और उनके त्वरित निस्तारण करवाने हेतु सक्षम अधिकारी को दिशा निर्देश दिए।
जोन 5 में लोक मंगल दिवस चन्दरनगर स्थित नगर निगम के जोनल कार्यालय में प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे तक आहूत किया गया।


जोन 5 में 569/603, स्नेह नगर, वी०आई०पी० रोड, आलमबाग निवासी हरिश्चन्द्र शर्मा ने गली में जलभराव की समस्या से महापौर को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2018 से अनेकों बार अधिकारियों को शिकायत से संबंधित पत्र भेजने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं कराया गया। जल भराव का कारण वी०आई०पी० रोड के नालों की सफाई सतह तक न होने के कारण नाला ओवरफ्लो होने के कारण जल भराव हो रहा है। महापौर ने नगर अभियंता को स्थलीय निरीक्षण कर समस्या को दूर करने एवं नाला सफाई से सम्बन्धित पत्रावली उनके समक्ष पेश करने के आदेश दिए।


जोन पाँच में सैनिक विहार कॉलोनी, बदाली खेड़ा निवासी सतीश गौतम, राहुल शर्मा, शबाना, मुन्ना, शहरुन निशाँ आदि ने क्षेत्र में सड़क, नाली, मार्गप्रकाश समेत बुनियादी सुविधाओं की समस्या को महापौर के समक्ष रखा। महापौर ने जोनल अधिकारी समेत समेत सम्बन्धित अधिकारी से जल भराव, मार्ग प्रकाश सम्बन्धी समस्या को तुरन्त दूर करने को कहा एवं निर्माण सम्बन्धी कार्य के लिये स्थलीय परीक्षण का निर्देश दिया।

पिंक सिटी निवासी गोवर्धन प्रसाद ने बताया कि अमीना, शराफत अली, पिंटू मिश्रा पर 15 फिट चौड़े सार्वजनिक रास्ते पर निर्माण कर उसपर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं जिससे आसपास के निवासियों को मात्र तीन फीट की गली बचने के कारण आने जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। महापौर ने तहसीलदार को फ़ोन कर स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही कर दो दिनों के भीतर आख्या प्रस्तुत करने  का निर्देश दिया।

जोन 5 में कुल 17 शिकायतें रजिस्ट्रीकृत की गयी जिसमें गृहकर/ नामांतरण की 04, अभियंत्रण की 04, जलकल की 02, मार्ग प्रकाश की 02, स्वास्थ्य विभाग की 02, पशु चिकित्सा अधिकारी सम्बन्धी 01, इको ग्रीन की 01 एवं तहसीलदार सम्बन्धी 01 शिकायत रजिस्ट्रीकृत की गयी।

महापौर संग पार्षद अपर नगर आयुक्त अनिल मिश्रा, गिरिश मिश्रा, पार्षद श्रवण नायक, पार्षद बबलू मिश्रा, जोनल अधिकारी सुभाष त्रिपाठी, नगर अभियंता एस० के० सिंह समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जोन 6 में लोक मंगल दिवस नैपियर रोड कॉलोनी, ठाकुरगंज स्थित जोनल कार्यालय में आहूत किया गया।
जोन 6 में कुल 49 शिकायतें रजिस्ट्रीकृत की गयी जिसमे कर निर्धारण की 20, जलकल विभाग की 03,अभियन्त्रण की 08 , अतिक्रमण की 05, मार्गप्रकाश की 06, नामांतरण की 04, स्वास्थ्य विभाग की 02 एवं कैटल कैचिंग की 01 शिकायत दर्ज की गयी।

मेहंदीगंज, भवानीगंज वार्ड निवासी शिवशंकर साहू ने बताया कि उनके द्वारा गृहकर पुनर्निर्धारण हेतु प्रार्थना पत्र देने के बावजूद उनका बिल संशोधित नहीं किया जा रहा है जिसके कारण वह बिल नहीं जमा कर पा रहे हैं। महापौर ने जोनल अधिकारी को तुरन्त बिल संशोधित कर जमा करवाने की बात कही।

स्थानीय निवासी विष्णु त्रिपाठी ने लाजपतनगर चौक में आर्य समाज मंदिर के मुख्य द्वार के सामने इण्टर लॉकिंग करवाने सम्बन्धी प्रार्थना पत्र महापौर को सौंपा। उन्होंने बताया मुख्य द्वार पर आने जाने वाले भक्तों को कष्ट का सामना करना पड़ रहा है। महापौर ने अधिशाषी अभियंता को तुरंत इण्टर लॉकिंग करवाने के आदेश दिए।

महापौर संयुक्ता भाटिया संग अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार मिश्रा, जोनल अधिकारी अम्बी बिष्ट, कार्यकारणी उपाध्यक्ष अरुण तिवारी, पार्षद संतोष राय, पार्षद राजकुमार सिंह 'राजा' समेत संबंधित जोन के जोनल अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments