Breaking News

पत्नी से झगड़े के बाद युवक ने दी जान घर के पास जंगल में लगायी फांसी

HTN Live

परिवार वालों ने लगाया प्रताडऩा का आरोप
काकोरी इलाके की है घटना
इटौंजा में भी युवक ने की आत्महत्या
लखनऊ ,29 अप्रैल। 
काकोरी के दुबग्गा स्थित वन विभाग के जंगल में एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। परिवार वालों ने पत्नी और ससुराल वालों पर प्रताडऩा का आरोप लगाया है। वहीं इटौंजा इलाके में भी एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक ने आत्महत्या क्यों की फिलहाल इस बात का पता नहीं चल सका है।
काकोरी डूडा काशीराम कॉलोनी सेक्टर पी के सामने झोपड़ी बनाकर 28 वर्षीय रामसागर अपने परिवार संग रहता था। वह पत्थर कटाई का काम करता था। रामसागर के परिवार वालों का कहना है कि राम सागर का पत्नी अनीता से अक्सर झगड़ा होता रहता था। रविवार रात दोनों में झगड़ा हुआ था। सोमवार सुबह नाराज होकर पत्नी सुनीता दोनों बच्चों केशन, कृष्णा को लेकर कुछ दूरी पर स्थित अपने मायके भाइयों के घर चली गयी थी। जाते वक्त अनीता ने रामसागर को भाइयों से पिटवाने की बात भी कही थी। राम सागर झगड़े और धमकी से परेशान होकर वन विभाग के जंगल में पेड़ से दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर खुदखुशी कर ली। जंगल के रास्ते से जा रहे लोगों ने शव पेड़ से लटकता हुआ देखा तो सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही काकोरी पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। कुछ ही देर के बाद रामसागर के परिवार के लोग भी वहां पहुंच गये। उन लोगों ने शव की शिनाख्त की। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राम सागर के परिवार वालों ने पत्नी  सुनीता, उसके भाइयों मोहन, कमलेश, रिंकू, छोटे, लौवश्री और बहादुर पर प्रताडि़त करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। इसके अलावा इटौंजा के नरोसा गांव में 22 वर्षीय सतीश अपने परिवार संग रहता था। सतीश मजदूरी करता था। बताया जाता है कि रविवार को रात खाना खाकर परिवार के साथ सो गया था। सोमवार की सुबह खेत गये ग्रामीणों ने सतीश का शव तालाब के पास पेड़ पर लटका देखा। खबर मिलते ही परिवार के लोग और पुलिस भी पहुंच गयी। पुलिस ने छानबीन के बाद सतीश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सतीश ने आत्महत्या क्यों की फिलहाल इस बात का पता नहीं चल सका है।

No comments